0Shares

न्यूज़ डेस्क: बिहार में एक कहावत है जल्दी अमीर बनना है तो दलाल बन जाओ। बिहार में ज़्यादातर इस शब्द का प्रयोग वैसे लोगों के लिए किया जाता है। जो ज़मीन के ख़रीद बिक्री से जुड़े होते हैं। राजीव नगर की जमीन खरीद कर करोड़ों की संपत्ति बनाने वाले भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।

पटना जिला प्रशासन ने अबतक 15 भू-मफियाओं को चिन्ह्रित करने में सफलता पाई है। जिला प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक कुछ भू-माफिया गांव से शहर आए थे तो साइकिल पर चलते थे। वर्तमान समय में फार्चुनर गाड़ी पर चल रहे हैं।

ऐसे ही कुछ ने अवैध धंधे से कमाई कर पेट्रोल पंप, रिसॉर्ट, होटल खोल लिया है। इसके साथ ही रहने के लिए आलीशान मकान भी बना लिया है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि 15 भू-मफियाओं की सूची प्रशासन के द्वारा तैयार की गई है। इसमें ऐसे भू-माफिया शामिल हैं। जिन्होंने आवास बोर्ड की जमीन खरीद-बिक्री कर करोड़ों की संपत्ति बनाई है।

उन्होंने कहा कि अबतक गृह निर्माण समितियों के सदस्यों पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई नहीं हुई है। भू-माफियाओं की जानकारी मिलने के बाद सूची तैयार करने का कार्य चल रहा है। सभी पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

आर्थिक अपराध इकाई को सौंपी जाएगी सूची

जिला प्रशासन ने प्राथमिक स्तर पर संपत्ति की जांच कर सूची तैयार की है। यह सूची ईओयू को सौंपी जाएगी। इसके बाद ईओयू की टीम सूची की जांच कर भू-माफियाओं से पूछताछ करेगी। इसमें बताना होगा कि संपत्ति कैसे प्राप्त की है। सही जानकारी उपलब्ध नहीं करने वाले भू-माफियाओं की संपत्ति जब्त कर सरकारी कार्यालयों को खोलने की कार्रवाई होगी।