0Shares

बिहार के कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा और गया में मौसम विभाग की तरफ से मंगलवार को हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से बेवजह अपने-अपने घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

पछुआ के प्रवाह और प्रचंड ताप से दक्षिण बिहार में लगातार दूसरे दिन भी भारी गर्मी रही। दक्षिण-मध्य बिहार और दक्षिण-पश्चिमी बिहार के आठ जिले ज्यादा प्रभावित रहे। बक्सर और औरंगाबाद में सोमवार को हीट वेव की स्थिति रही जबकि गया, रोहतास, नवादा, नालंदा और जमुई में लगभग लू जैसे ही हालात रहे।

हीट वेव

हीट वेव : सबसे अधिक तापमान बक्सर में दर्ज किया गया

राज्य में सबसे अधिक तापमान बक्सर में दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। औरंगाबाद का तापमान 1.6 डिग्री घटकर 45.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रोहतास में 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 44.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

उधर, उत्तर बिहार में पारा सामान्य है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक आंधी-पानी की स्थिति रहेगी।

पिछले 24 घंटों में ठाकुरगंज में 91.4 मिमी, तैयबपुर में 73.2 मिमी, गलगलिया में 62.4 मिमी, किशनगंज में 45.8 मिमी, सिकटी में 18 मिमी जबकि ढेंगराघाट में 12 मिमी बारिश हुई।

पटना में 0.8 डिग्री तापमान ऊपर चढ़ा है। नालंदा में 3.1 डिग्री, सहरसा में दो डिग्री, भागलपुर में 1.3 डिग्री, शेखपुरा में 1.9 डिग्री तापमान ऊपर चढ़ा है। कटिहार, सारण, वैशाली, खगड़िया में एक डिग्री के आसपास पारा ऊपर चढ़ा है। गया में 1.7 डिग्री तापमान नीचे गिरा है। अन्य जगहों में दरभंगा, सुपौल, अररिया और पूर्णिया में तापमान में आंशिक कमी आई है।

प्रमुख शहरों का ऐसा रहा अधिकतम पारा

पटना 39.4 डिग्री
गया 43 डिग्री
भागलपुर 38 डिग्री
पूर्णिया 34.3 डिग्री
बक्सर 45.2 डिग्री
नालंदा 41.5 डिग्री
मुजफ्फरपुर 33.6 डिग्री