0Shares

Weather Alert : देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी आने वाले दिनों में लोगों को और ज्यादा सताने वाली है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी करते हुए भीषण गर्मी पड़ने के साथ लू चलने की संभावना जताई है।

Weather Alert

Weather Alert : मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी

उधर, राजधानी दिल्ली में लगातार पारा चढ़ रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बीते 24 घंटे में भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार रहने के कारण लोगों का गर्मी से बुरा हाल रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 42.5 व न्यूनतन तापमान सामान्य से चार अधिक 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 32 से 69 फीसदी तक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। लोगों को जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलने की और अधिक समय तक धूप के संपर्क में न रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि आगामी 15 मई के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर गंभीर स्तर की लू चलने की संभावना है। पूर्वानुमान है कि 16 मई से पारे में कमी हो सकती है।

वहीं, यूपी के अधिकांश इलाकों में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस होने की वजह e लोगों के पसीने छूट गए। राजस्थान में भी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहा।
यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से लेकर 48.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं, राज्य के पश्चिमी हिस्से के सभी जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने से जन जीवन प्रभावित हुआ है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश आदि कई राज्य हैं, जहां पर चक्रवाती तूफान असानी की वजह से तेज बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में बूंदाबांदी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर के आसपास के इलाकों में 13 मई तक वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है।

कुल्लू और लाहौल में ऊंची चोटियों पर गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी बर्फबारी हुई है। वहीं, राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में धूप खिली रही। मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में शुक्रवार को भी बारिश के आसार हैं। शनिवार और रविवार को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *